रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) की बोरियाखुर्द स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना के रहवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। योजना क्षेत्र में आरसीसी नाली निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा, जिसके लिए आरडीए द्वारा निविदा (टेंडर) जारी कर दी गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2009 में निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए इस योजना के अंतर्गत लगभग 1800 आवासों का निर्माण किया गया था। उस समय निर्मित नालियां समय के साथ जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण क्षेत्र में जल निकासी की समस्या उत्पन्न होने लगी। योजना के रहवासियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा नालियों के पुनर्निर्माण की मांग लगातार उठाई जा रही थी। हालांकि संबंधित मद में राशि बकाया होने के कारण आरडीए द्वारा लंबे समय तक यह कार्य नहीं कराया जा सका। अब प्रदेश के आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी तथा आरडीए अध्यक्ष नंदकुमार साहू के प्रयासों से प्राधिकरण ने अपने स्वयं के व्यय से नाली निर्माण कार्य कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
नाली निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद योजना क्षेत्र के हजारों रहवासियों को गंदगी एवं दुर्गंध की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही जल निकासी व्यवस्था में सुधार होने से क्षेत्र की स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी ।







