छत्तीसगढ़जगदलपुर 

10 करोड़ की लेजर लाइट परियोजना अंधेरे में, चित्रकोट जलप्रपात का नाइट टूरिज्म सपना अधूरा

जगदलपुर (विश्व परिवार)। विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात में नाइट टूरिज्म को नई पहचान देने का सपना अब सवालों के घेरे में है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से लगाई गई लेजर लाइट वर्षों बाद भी शुरू नहीं हो सकी है। दो-तीन बार परीक्षण के बावजूद परियोजना आज तक नियमित संचालन में नहीं आ पाई।
बताया जा रहा है कि इसे लगाने वाले ठेकेदार ने सिस्टम किसी विभाग को आधिकारिक रूप से हैंडओवर ही नहीं किया। नतीजा यह है कि रखरखाव के अभाव में कई लाइटें और उपकरण गायब हो चुके हैं। लेजर शो में उपयोग होने वाली बैटरियां भी अब वहां मौजूद नहीं हैं। हैरानी की बात यह है कि परियोजना का कभी औपचारिक उद्घाटन तक नहीं हुआ।
आज पर्यटकों के स्वागत में खड़े पोल तो दिखाई देते हैं, लेकिन उन पर रोशनी नहीं जलती। पर्यटकों का कहना है कि यदि यह लेजर शो शुरू हो जाए तो चित्रकोट की खूबसूरती रात में भी देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित कर सकती है। स्थानीय लोगों का भी मानना है कि करोड़ों की यह परियोजना यूं ही बंद रहना सरकारी संसाधनों की बर्बादी है।
वहीं चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने मामले पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग से जानकारी लेकर स्थिति स्पष्ट कराने की बात कही है। अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर करोड़ों की यह महत्वाकांक्षी योजना कब अंधेरे से निकलकर पर्यटकों के लिए रोशनी बिखेरेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts