व्यापार

स्मार्टफोन, टीवी और लैपटॉप होंगे महंगे, मेमोरी चिप्स की कमी से बढ़ेंगे दाम

अगर आप आने वाले समय में स्मार्टफोन, टीवी या लैपटॉप खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगले कुछ महीनों में इन इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में 4 से 8 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि कुछ कैटेगरी में यह बढ़ोतरी आगे चलकर 30 प्रतिशत तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

इस महंगाई की सबसे बड़ी वजह मेमोरी चिप्स की बढ़ती कीमतें हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के बढ़ते इस्तेमाल के कारण मेमोरी चिप्स की मांग तेजी से बढ़ी है, जबकि सप्लाई सीमित बनी हुई है। मार्केट रिसर्च फर्म Counterpoint Research के अनुसार मेमोरी मार्केट इस वक्त ‘हाइपर-बुल फेज’ में है। बीते तीन महीनों में कीमतें करीब 50 प्रतिशत बढ़ चुकी हैं और आने वाली तिमाहियों में इसमें और इजाफा होने की संभावना है।

कंपनियों ने शुरू की कीमत बढ़ाने की तैयारी

इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक कुछ स्मार्टफोन ब्रांड्स जैसे Vivo और Nothing ने पहले ही जनवरी में 3,000 से 5,000 रुपये तक कीमतें बढ़ा दी हैं। वहीं Samsung जैसी कंपनियां फिलहाल सीधे दाम बढ़ाने के बजाय कैशबैक और डिस्काउंट में कटौती कर रही हैं।

सप्लाई टाइट, टीवी और लैपटॉप भी महंगे

मेमोरी चिप्स की कमी सिर्फ स्मार्टफोन तक सीमित नहीं है। टीवी और लैपटॉप बनाने वाली कंपनियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रिटेल सेक्टर के अनुसार लैपटॉप की कीमतें पहले ही 5–8 प्रतिशत तक बढ़ चुकी हैं और बड़े टीवी ब्रांड्स ने भी जल्द दाम बढ़ाने के संकेत दिए हैं। इससे आने वाले त्योहारों और सेल के दौरान डिस्काउंट भी कम देखने को मिल सकते हैं।

बाजार पर पड़ेगा असर

All India Mobile Retailers Association (AIMRA) के मुताबिक बीते महीनों में ही स्मार्टफोन की कीमतों में 3 से 21 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। संगठन का मानना है कि आगे कीमतें 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं, जिससे मांग पर सीधा असर पड़ेगा। खासतौर पर 20,000 रुपये से कम कीमत वाले सेगमेंट में बिक्री घटने की आशंका है।

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर मेमोरी चिप्स की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो 2026 में भारत में स्मार्टफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स की बिक्री पर नकारात्मक असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में जो ग्राहक नया डिवाइस खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए अभी फैसला करना ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts