भिलाई (विश्व परिवार)। श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भिलाई में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. स्मिता सेलट ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से सेवा, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
रजिस्ट्रार डॉ. वैभव तिवारी ने कहा कि NSS विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को निरंतर सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
डायरेक्टर विकास डॉ. सुशील चंद्र तिवारी ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का निर्वहन करना भी है। NSS युवाओं को सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
इस अवसर पर NSS स्वयंसेवकों को उनके सहभागिता एवं योगदान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सी-सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाले स्वयंसेवकों को भी बधाई दी गई।
स्थापना दिवस समारोह में स्वयंसेवकों ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सामाजिक चेतना का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. गोविंद शर्मा, डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. विनय पीतांबराम सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सेवा, सामाजिक दायित्व एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।







