(विश्व परिवार)। आज हम जिस विकास की दौड़ में भाग रहे हैं, वह विकास है या विनाश की ओर तेज़ी से बढ़ते कदम, यह सोचने का समय आ गया है।
हमारे ऋषि-मुनियों ने कहा था – “प्रकृति रक्षति रक्षिता”। पर आज मनुष्य प्रकृति का रक्षक नहीं, भक्षक बन गया है। रामायण में सीता माता ने कितना प्यारा संदेश दिया था कि संपूर्ण प्रकृति एवं उसमें जितने जीव जंतु हैं, सब आपके अपने हैं। प्रकृति संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश इससे बड़ा नहीं हो सकता। “नजरे अपनी बदलो नजारे बदल जायेगे सबको अपना मानो सब आपके हो जाएगे”
1. वन-उपवनों का कटना:-
शहरों के विस्तार के नाम पर, कागज़ और फर्नीचर के नाम पर हम प्रतिदिन हजारों पेड़ काट रहे हैं। एक पेड़ को बड़ा होने में 20-30 साल लगते हैं और काटने में 20 मिनट। पेड़ कटने से सिर्फ लकड़ी नहीं जाती, पूरा पारिस्थितिकी तंत्र उजड़ जाता है – पक्षियों के घोंसले, जीव-जंतुओं का आश्रय, मिट्टी की पकड़, वर्षा का चक्र सब टूट जाता है। याद रखिए, एसी हम खरीद सकते हैं, ऑक्सीजन नहीं।
2. पर्वतों को चीरना: धरती की हड्डियाँ तोड़ना:-
विकास के नाम पर हम पर्वतों को डायनामाइट से उड़ा रहे हैं, रेल मार्ग और हाईवे के लिए। पर्वत सिर्फ पत्थर नहीं हैं। वे जल के स्रोत हैं, बादलों को रोकते हैं, नदियों को जन्म देते हैं, भूकंप से धरती को थामते हैं। जब हम पर्वत चीरते हैं, तो भूस्खलन, बादल फटना, जोशीमठ जैसी घटनाएँ उसी का परिणाम हैं। प्रकृति को अपने अनुसार चलाने का अहंकार महंगा पड़ रहा है।
3. बड़े हाईवे और कंक्रीट का जंगल:-
हरियाली के ऊपर काली सड़क बिछाना आज शान समझा जाता है। एक हाईवे बनने के लिए हजारों एकड़ उपजाऊ जमीन, जंगल और खेत खत्म हो जाते हैं। सड़क के दोनों ओर जो तापमान बढ़ता है, जो जल-भराव होता है, जो जीवों के रास्ते बंद होते हैं, उसकी कीमत कोई नहीं गिनता।
4. संसाधनों का अंधा दोहन:-
नदियों से बेतहाशा रेत निकालना, जमीन से पानी खींचते जाना, खनन के नाम पर धरती को खोखला करना – ये सब विकृति ही तो है। हम सिर्फ प्रकृति से ले रहे हैं, लौटा कुछ नहीं रहे। हमने लेना सीखा है, हम नहीं जानते देना, यही मानव जीवन की बहुत बड़ी भूल है।
समाधान क्या है?
विकास रोकना समाधान नहीं है, पर संस्कृति के साथ विकास ही सच्चा विकास है।
– एक पेड़ काटें तो दस लगाएँ।
– पहाड़ को चीरने से पहले सुरंग तकनीक, पर्यावरण मूल्यांकन को ईमानदारी से अपनाएँ।
– हाईवे के साथ हरित कॉरिडोर अनिवार्य हो।
– कोयल से मीठा बोलना, फूलों से मुस्कुराना और पेड़ की डाली से झुकना – यही तो प्रकृति हमें सिखाती है। अहंकार नहीं, नम्रता।
अंत में वही बात – प्रकृति के अनुसार चलें, प्रकृति को अपने अनुसार चलाने का प्रयास न करें, उसके साथ खिलवाड़ न करें। संस्कृति लायेंगे तो विकास होगा, विकृति लायेंगे तो विनाश निश्चित है।







