बैकुंठपुर (विश्व परिवार)। प्रदेश में लगातार सामने आ रहे अशोभनीय नृत्य कार्यक्रमों के मामलों के बीच अब कोरिया जिले के बैकुंठपुर से भी ऐसा ही एक मामला उजागर हुआ है। गरियाबंद और सूरजपुर के बाद सोनहत ब्लॉक के पोड़ी क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यहां कोरबा से एक नाचा मंडली को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। शुरुआत में सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में शुरू हुआ कार्यक्रम धीरे-धीरे मर्यादा की सीमाएं लांघता नजर आया। मंच पर आपत्तिजनक गीतों पर नृत्य किया जा रहा था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
वायरल वीडियो में कुछ लोगों द्वारा नर्तकी पर नोट उड़ाते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि इनमें रोजगार सहायक भी शामिल थे। इतना ही नहीं, वीडियो में पीछे बैठे एक व्यक्ति द्वारा महिला को और अधिक नृत्य करने के लिए उकसाते हुए भी देखा गया है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के साथ ही कार्यक्रम की अनुमति, आयोजन की जिम्मेदारी और प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि मामले को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

