रायपुर

सेवा सदन कार्यालय में “सेवा से संकल्प माह” का विशाल शिविर, 5000 से अधिक नागरिकों की सहभागिता

धरसीवां (विश्व परिवार)। सेवा सदन कार्यालय में “सेवा से संकल्प माह” के अंतर्गत विशाल विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 5000 से अधिक नागरिकों की सहभागिता रही। विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान श्रम विभाग द्वारा 84 लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में अंतरित की गई। वहीं 1500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से 3 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए।

जनपद पंचायत धरसीवां द्वारा भी विभिन्न जनकल्याणकारी उपलब्धियां दर्ज की गईं। इस अवसर पर 400 शौचालयों, 100 प्रधानमंत्री आवास तथा 400 लखपति दीदी से संबंधित उपलब्धियों/लाभों को भी शामिल किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ आवेदन, पंजीयन एवं अन्य शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर “सेवा से संकल्प माह” का लाभ उठाया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts