रायपुर

‘हर रविवार चलो बुद्ध विहार’ अभियान एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोह संपन्न

  • सामाजिक समता, शिक्षा और जनजागृति का दिया संदेश

रायपुर (विश्व परिवार) । राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित बड़ा अशोक नगर के धम्म विहार (शाखा – भारतीय बौद्ध महासभा) में भारतीय बौद्ध महासभा युवा प्रकोष्ठ रायपुर के तत्वावधान में रविवार को ‘हर रविवार चलो बुद्ध विहार’ अभियान एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री, समानता एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक समता, शिक्षा, भाईचारे और जनजागृति को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. नरेश साहू, सामाजिक चिंतक एवं सहायक प्राध्यापक, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, एसएसपीएमयू भिलाई तथा डॉ. निस्तर कुजूर, प्रोफेसर, समाजशास्त्र एवं समाजकार्य अध्ययनशाला, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय बौद्ध महासभा छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष भोजराज गौरखेड़े ने की। कार्यक्रम का मंच संचालन भारतीय बौद्ध महासभा युवा प्रकोष्ठ रायपुर के महासचिव अरुण बागड़े ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री, समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के विचारों को वर्तमान सामाजिक परिवेश में अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का धम्म मानवता, समानता और विवेकपूर्ण जीवन जीने का मार्ग प्रशस्त करता है। वहीं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना तथा जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक आंदोलन को याद करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों और स्वाभिमान के लिए उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया गया।

वक्ताओं ने समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं अंधविश्वासों से दूर रहकर शिक्षा, संगठन और जागरूकता के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने की सार्थकता तभी है, जब उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन एवं सामाजिक व्यवहार में आत्मसात किया जाए। भगवान बुद्ध और भगवान बिरसा मुंडा के विचार आज भी समाज को न्याय, समानता, अधिकार और आत्मसम्मान के लिए प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर आयोजकों ने ‘हर रविवार चलो बुद्ध विहार’ अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक रविवार को समाज के लोगों को बुद्ध विहार से जोड़ना, धम्म के विचारों का प्रचार-प्रसार करना तथा नई पीढ़ी को भगवान बुद्ध के जीवन दर्शन एवं महापुरुषों के संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन के इतिहास से परिचित कराना है। ऐसे नियमित आयोजन समाज में सामाजिक एकता, भाईचारे, जागरूकता और संगठन की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में धम्म विहार बड़ा अशोक नगर, गुढ़ियारी एवं रायपुर के बड़ी संख्या में बौद्ध उपासक-उपासिकाओं की सहभागिता रही। आयोजन के अंत में सामाजिक समता, शिक्षा, समानता, एकजुटता तथा महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन भारतीय बौद्ध महासभा युवा प्रकोष्ठ रायपुर द्वारा किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts