छत्तीसगढ़जशपुर

पत्थलगांव में संदीप एजेंसी में लगी आग पर पाया गया काबू, 5 फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से बड़ा हादसा टला

जशपुरनगर (विश्व परिवार)। नगर पंचायत पत्थलगांव अंतर्गत जशपुर रोड स्थित संदीप एजेंसी में 23 जनवरी की सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 8 बजे आग लगने की सूचना नगर पालिका परिषद पत्थलगांव के उपाध्यक्ष अजय बंसल द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को फोन पर दी गई, जिसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही नगर पालिका की ओर से पानी से भरी फायर ब्रिगेड वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही आकस्मिक स्थिति को देखते हुए दो अतिरिक्त पानी टैंकर भी घटना स्थल पर भेजे गए। आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पत्थलगांव और थाना प्रभारी पत्थलगांव को भी तत्काल अवगत कराया।
आग बुझाने की पूरी कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा थाना प्रभारी पत्थलगांव मौके पर मौजूद रहे। जिला प्रशासन द्वारा नगर पंचायत कुनकुरी, बगीचा, जशपुर जिला मुख्यालय के अलावा सरगुजा और रायगढ़ जिले से भी फायर ब्रिगेड वाहनों को बुलाया गया। इस तरह कुल 5 फायर ब्रिगेड वाहन आग पर काबू पाने में लगाए गए।
फायर ब्रिगेड वाहनों में पानी की लगातार रिफिलिंग जी.ए.डी. कॉलोनी एवं मैरिज गार्डन पंप हाउस से की गई। जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त तत्परता से दोपहर लगभग 12 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। जिला प्रशासन ने बताया कि नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में किसी भी आपदा या आगजनी की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रहती है तथा आवश्यकता पडऩे पर आसपास के ग्रामों में भी फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts