महासमुंद (विश्व परिवार)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने थाना कोमाखान क्षेत्र से ओडिशा के 4 अंतरराज्यीय तस्करो को गिरफ्जतार करते हुए 25 किलो गांजा जब्त किया है। जिसकी बाजार कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा जेस्ट कार, 2 लाख 03 हजार 100 रुपये नगद और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार 1 फरवरी 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को अवैध गांजा परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विधिवत कार्रवाई करते हुए कोमाखान थाना क्षेत्र में आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 25 किलो गांजा, परिवहन में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन और नगदी जब्त की गई। इस प्रकरण में रायपुर शिवनगर, शीतला मंदिर के पास, आजाद चौक में रहने वाला बंशी साहू मुख्य खरीददार बताया गया है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 20(बी)(द्बद्ब)(सी) और 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन कर रही है। तस्करी से जुड़े सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। मामले में पुलिस ने प्रशांत नंदा, निवासी रंगाली, जिला बलांगीर (ओडिशा, संजय नाग, निवासी गंडा पतरापाली, जिला बलांगीर (ओडिशा,दीपक महानंद, निवासी जिला बलांगीर (ओडिशा), शंकर हरपाल, निवासी गंडा पतरापाली, जिला बलांगीर (ओडिशा), बंशी साहू, निवासी शिवनगर, शीतला मंदिर के पास, आजाद चौक, रायपुर को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस या एएनटीएफ को गोपनीय रूप से दें। सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





