छत्तीसगढ़सूरजपुर

श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकराई, एक की मौत

सूरजपुर (विश्व परिवार)। श्रद्धालुओं को लेकर बनारस जा रही एक यात्री बस सोमवार देर रात सडक़ हादसे का शिकार हो गई। अंबिकापुर–बनारस मार्ग पर गंगापुर के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में लगभग 15 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल यात्री की अंबिकापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां सभी का उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि अन्य का उपचार निगरानी में किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बस रायगढ़ जिले के तमनार से श्रद्धालुओं को लेकर वाराणसी (बनारस) के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में गंगापुर के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सडक़ किनारे पेड़ से जा भिड़ी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts