रायपुर (विश्व परिवार)। लाभांडी क्षेत्र स्थित आबकारी भवन में शनिवार रात बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटना सामने आई। यह आग भवन में संचालित छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यालय के तीसरे तल के एक कक्ष में लगी।
घटना शाम करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को कमरे से जलने की गंध आने पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल अन्य स्टाफ को सूचित किया। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर भवन में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया।
आग की वजह से कमरे में रखे कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस को नुकसान पहुंचा, जबकि महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाए गए। बताया गया कि सभी फाइलें लोहे की आलमारी में रखी थीं, जिससे उन्हें कोई क्षति नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। अगले दिन सुबह भी पुन: निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया गया कि किसी जरूरी दस्तावेज या अन्य कक्ष को नुकसान नहीं हुआ है।






