राजनांदगांव (विश्व परिवार)। जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिखली चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल, 2 देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को शंकरपुर क्षेत्र के डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास कुछ युवकों द्वारा हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां चार संदिग्ध भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली, डिगम्बर साहू उर्फ छोटू, सेवक कश्यप उर्फ डाला और गुंजेश वर्मा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान शिवम के पास से पिस्टल और जिंदा कारतूस तथा डिगम्बर के पास से देशी कट्टा बरामद किया गया।
आगे की जांच में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से अवैध हथियार खरीदकर लाए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए दुर्ग और धमतरी में दबिश देकर विक्की देशमुख, उमेश साहू और जतीनदास मानिकपुरी को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से एक और पिस्टल और देशी कट्टा बरामद हुआ।
सभी सातों आरोपी अवैध रूप से हथियार रखकर क्षेत्र में रौब जमाने और बिक्री की तैयारी में थे। इनके खिलाफ धारा 111 बीएनएस और 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई में चिखली चौकी पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






