- तीन स्पिनरों के साथ उतरेगा भारत अभिषेक के अस्वस्थ होने से बढ़ी टीम इंडिया की चिंता
नई दिल्ली (विश्व परिवार)। इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 क्रिकेट में सियासत के घालमेल के कारण पैदा हुआ गतिरोध अस्थायी तौर पर दूर होने के बाद टी20 विश्व कप के सबसे चर्चित मुकाबले में रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी आमने सामने होंगे तो भारत के मध्यक्रम के सामने पाकिस्तान के स्पिनरों की चुनौती होगी और मैच की पृष्ठभूमि को देखते हुए अब दोनों टीमें किसी तरह की कोताही बरतना नहीं चाहेगी। भारत के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का अनफिट होना चिंता का विषय है और यह देखना दिलचस्प होगा कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच में खेल पाते हैं या नहीं। अगर अभिषेक शर्मा नहीं खेलते हैं संजू सैमसन को दोबारा मौका मिलेगा, इसकी संभावना कम है। भारतीय टीम प्रबंधन चाहेगा कि इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए अभिषेक चयन के लिए उपलब्ध हों जिससे शीर्ष क्रम पर स्थिरता आ सके। हालांकि, भारतीय थिंक टैंक के दिमाग में यह भी चिंता होगी कि सैमसन को ही उतारा जाए या ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत के लिए वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया जाए जो फिट हो गए हैं। सुंदर प्रेमादासा स्टेडियम की धीमी पिच पर अच्छी ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। पिच को देखते हुए बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को भी उतारा जा सकता है। ऐसे में रिंकू सिंह या अर्शदीप सिंह को बाहर रहना पड़ सकता है। बाबर आजम के खिलाफ कुलदीप के शानदार रिकॉर्ड और एशिया कप फाइनल में उनके चार विकेट को देखते हुए उन्हें इस मैच में मौका देना अच्छा विकल्प होगा। कुलदीप को अब तक विश्व कप के शुरुआती दो मैचों में एकादश में जगह नहीं मिली है।
कोलंबो में स्पिनरों को मिलती है मदद
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का महामुकाबला रविवार को कोलंबो में खेला जाएगा। यह मैच आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां की पिच आमतौर पर स्पिनरों के मददगार मानी जाती है। भारत के पास मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल मौजूद हैं, लेकिन पाकिस्तान भी इस मामले में कम नहीं है क्योंकि उसकी टीम में अबरार अहमद और उस्मान तारिक हैं जो भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं। भारतीय टीम शुरुआती दो मैचों में दो स्पिनरों के साथ उतरी है। भारत के लिए अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने स्पिन विभाग का जिम्मा संभाला है। कोलंबो में स्पिनरों की मददगार पिच को देखते हुए इस संभावना को भी खारिज नहीं किया जा सकता कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ तीन स्पिनरों के साथ उतरे।





