बालोद (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुदबी में तीन साल की मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़ कर शव का सिर गायब कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले ग्राम माहुदबी निवासी प्रिया साहू नामक बच्ची की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिजनों ने गांव में ही बच्ची को दफनाया था। बीती रात अज्ञात लोगों ने दफन स्थल पर पहुंचकर कथित रूप से तंत्र क्रिया करते हुए कब्र को खोदा और शव के साथ छेड़छाड़ की। सुबह ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो कब्र के पास नींबू और पूजा सामग्री बिखरी हुई मिली, जिससे तंत्र विद्या की आशंका और गहरा गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को भी बुलाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई। जांच के दौरान बच्ची के शरीर के अन्य अंग सुरक्षित मिले, लेकिन शव का सिर गायब था। आशंका जताई जा रही है कि तंत्र क्रिया के लिए सिर को निकालकर ले जाया गया है। एसडीओपी गुंडरदेही राजेश बागड़े के अनुसार, ग्रामीणों की सूचना पर मौके का निरीक्षण किया गया। एसडीएम की उपस्थिति में खुदाई के दौरान शव के हाथ, पैर और धड़ तो मिले, लेकिन सिर नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न एंगल से जांच शुरू कर दी गई है।





