छत्तीसगढ़मनेन्द्रगढ़

अमृतधारा महोत्सव में विवाद: नाराज होकर कार्यक्रम से बाहर निकले नपा अध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधि

मनेन्द्रगढ़ (विश्व परिवार)। अमृतधारा महोत्सव के दौरान शुक्रवार को उस समय अचानक विवाद की स्थिति बन गई, जब नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव और उनके पति एवं विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव नाराज होकर कार्यक्रम स्थल से बाहर चले गए। इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, महोत्सव में मंचीय कार्यक्रम चल रहा था और जनप्रतिनिधियों व अतिथियों की उपस्थिति में संबोधन जारी था। इसी दौरान मंच से विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव का नाम पुकारा गया, लेकिन नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव का नाम नहीं लिया गया। बताया जा रहा है कि इस बात से नाराजगी बढ़ी और सरजू यादव भी मंच पर नहीं पहुंचे।
विवाद का एक कारण कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश को लेकर हुई असहज स्थिति भी बताई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई थी, जिसके चलते नगरपालिका अध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधि के वाहन को प्रवेश द्वार पर रोक दिया गया। आरोप है कि नेम प्लेट और पहचान बताने के बावजूद उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।
बताया जाता है कि बार-बार रोकने से नाराज होकर विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव ने गुस्से में वाहन पर लगा नगरपालिका अध्यक्ष का बोर्ड निकालकर कार्यक्रम स्थल पर फेंक दिया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बन गया।
हालांकि, पुलिस और आयोजन समिति के सदस्यों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल छोडक़र बाहर चले गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts