देशनई दिल्ली

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को मुंबई बहुत पसंद आई: पीएम मोदी

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। तीन दिवसीय दौरे पर भारत आए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले तो मुंबई की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘अपने दोस्त’ संग मुलाकात की एक तस्वीर के साथ लिखा, “मुंबई में अपने दोस्त, राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर बहुत खुशी हुई! उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें यह शहर बहुत पसंद है और आज सुबह उन्होंने अपनी दौड़ (जॉगिंग) का भी आनंद लिया!
मंगलवार तड़के आर्थिक राजधानी पहुंचने के कुछ देर बाद ही मैक्रों समुद्र किनारे मरीन ड्राइव पर अलग अंदाज में दिखे। उनके साथ फर्स्ट लेडी ब्रिगिट मैक्रों भी थीं। नीले रंग के शॉर्ट्स और टी शर्ट में वो जॉगिंग करते दिखे। जिससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि वो फिटनेस को लेकर कितने गंभीर हैं।
उनकी सुरक्षा टीम और भारतीय सुरक्षा अधिकारी उनके साथ मौजूद थे। मुंबई पुलिस के जवान भी सड़क पर तैनात थे। प्रधानमंत्री ने उनकी इसी दौड़ का अपनी पोस्ट में जिक्र किया।
महाराष्ट्र के गवर्नर आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई एयरपोर्ट पर मैक्रों का सुबह स्वागत किया था। बाद में फर्स्ट लेडी के साथ राष्ट्रपति मैक्रों ने मुंबई टेरर अटैक के पीड़ितों को ताज में श्रद्धांजलि भी दी।
इसके बाद वो मुंबई में कई बॉलीवुड स्टार्स से भी मिले। इनमें मनोज बाजपेयी, अनिल कपूर, शबाना आजमी, जोया अख्तर और ऋचा चढ्ढा जैसे कलाकार शामिल थे।
दोनों नेता शाम को भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर 2026 का उद्घाटन करेंगे। मोदी और मैक्रों उद्योगपतियों, स्टार्टअप फाउंडर्स, रिसर्च एक्सपर्ट्स, और इनोवेशन से जुड़े लोगों को संबोधित भी करेंगे। अपनी इस यात्रा के दौरान मैक्रों दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट में भी शामिल होंगे।
यह राष्ट्रपति मैक्रों का भारत का चौथा दौरा है और मुंबई में उनका पहला आधिकारिक दौरा है। इससे पहले वो मार्च 2018 में पहली बार भारत आए थे। फिर वो सितंबर 2023 में जी20 सम्मेलन के लिए और जनवरी 2024 में गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे।
भारत और फ्रांस के बीच 1998 से रणनीतिक साझेदारी है, और दोनों देश रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में साथ काम करते हैं। यह दौरा भी इसी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts