रायगढ़ (विश्व परिवार)। ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में खड़े ट्रक से बैटरी चोरी की घटना का जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां, जिनकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद कर ली हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में प्रार्थी आनंद अग्रवाल (46 वर्ष), निवासी बैकुंठपुर, थाना कोतवाली रायगढ़ ने 17 फरवरी 2026 को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका ट्रक क्रमांक ष्टत्र-04-ष्ठस्न-8511 ट्रांसपोर्टिंग कार्य में लगा है। 15 फरवरी की शाम चालक ने ट्रक को छातामुड़ा रोड स्थित मिशनरी ऑफ चैरिटी के सामने खड़ा किया था।
अगली सुबह जब चालक ट्रक के पास पहुंचा तो देखा कि बैटरी बॉक्स टूटा हुआ है और उसमें लगी दो बैटरियां गायब हैं। अपने स्तर पर तलाश करने के बाद जब बैटरियां नहीं मिलीं, तो थाना जूटमिल में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 55/2026 धारा 303(2) व 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र का रहने वाला ननकी निषाद उर्फ चिल्ली चोरी की बैटरी बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्टनगर पुलिस सहायता केंद्र के पास घेराबंदी कर ननकी निषाद उर्फ चिल्ली (38 वर्ष), निवासी सांगीतराई दीपापारा, थाना जूटमिल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी मिथलेश महतो (32 वर्ष), निवासी तुरकुमुड़ा संतोषी मंदिर के पास, थाना जूटमिल के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने मिथलेश महतो के घर से चोरी की गई दो बैटरियां बरामद कर जब्त कर लीं। पुलिस के अनुसार, ननकी निषाद पेशे से ड्राइवर है, जबकि सह-आरोपी मिथलेश महतो के खिलाफ थाना जूटमिल में हत्या, आगजनी, आबकारी और आम्र्स एक्ट के मामले पहले से दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





