कोरबा छत्तीसगढ़

पूर्व कृषि मंडी अधिकारी पर दैहिक शोषण का आरोप: घरघोड़ा से आरोपी गिरफ्तार

कोरबा (विश्व परिवार)। कटघोरा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कटघोरा में पदस्थ रहे पूर्व कृषि मंडी अधिकारी राहुल साहू पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी अधिकारी ने उसे विवाह का भरोसा दिलाकर पिछले लगभग एक वर्ष से शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि आरोपी ने शादी का वादा किया था, जिसके चलते उसने उस पर विश्वास किया। महिला के अनुसार, इसी माह दोनों की शादी तय होने वाली थी और विवाह की तैयारियां भी चल रही थीं। लेकिन अंतिम समय में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि के संकेत मिलने पर आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी अपने गृह क्षेत्र चला गया था। कटघोरा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर घरघोड़ा, जिला रायगढ़ में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कटघोरा लाया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts