छत्तीसगढ़सक्ती

सक्ती में मजदूर अपहरण कांड का खुलासा, ठेकेदार सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मजदूर के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठेकेदार समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना ने इलाके में हडक़ंप मचा दिया था।
जानकारी के अनुसार, मामला डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम कांसा का है। यहां मजदूर राकेश भारद्वाज को ईंट भट्टे में काम करने के लिए पहले से पैसे दिए गए थे। लेकिन मजदूरी पर नहीं जाने को लेकर ठेकेदार और मजदूर के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते ठेकेदार नरेश कुमार टंडन ने अपने साथियों शिव टंडन, देवानंद भारद्वाज, कीर्तन खांडे और परमेश्वरी टंडन के साथ मिलकर मजदूर को जबरन कार में बैठाकर उठा लिया।
घटना के बाद मजदूर की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ठेकेदार अन्य राज्यों में ईंट भट्टों के लिए मजदूरों की सप्लाई करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts