नारायणपुर (विश्व परिवार)। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के एक ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक, आधुनिक हथियार, मेडिकल सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं। पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन विकास गुडिय़ा ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर सुनियोजित एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई के तहत 25 फरवरी को सीओबी मंदोडा, 53वीं बटालियन आईटीबीपी और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम ग्राम कुमुराडी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में रवाना हुई थी। सघन सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों के छिपाए गए डंप को बरामद किया।
बरामद सामग्री में प्राइमा कॉर्ड, सेफ्टी फ्यूज, ऑरेंज फ्यूज, लगभग 35 किलोग्राम सुतली बम, 38 किलोग्राम उर्वरक पाउडर, 18 किलोग्राम इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक, 2.5 किलोग्राम चारकोल, 5 एएमएन पाउच, एक इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर, 13 रॉकेट लॉन्चर सेल, 19 भारी एवं 11 हल्के मोर्टार सेल, इम्प्रोवाइज्ड बीजीएल लॉन्चर (बड़ा एवं छोटा), विभिन्न प्रकार के बीजीएल कारतूस, लंबी और छोटी दूरी के राउंड, दो इम्प्रोवाइज्ड हैंड ग्रेनेड सहित बड़ी मात्रा में मेडिकल सामग्री और दवाइयां शामिल हैं।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सलियों के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बलों द्वारा आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।





