देशनई दिल्ली

बेंगलुरु को 15,600 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी बोले- 100 किमी के पार पहुंचा मेट्रो नेटवर्क; मध्यम वर्ग को मिलेगी राहत

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु के ऑडिटोरियम में 15,600 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने एक सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार की कोशिश इस बात पर केंद्रित है कि मध्यम वर्ग अधिक बचत कर सके। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि बेंगलुरु का विकास और यहां आधुनिक बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) का विस्तार केंद्र सरकार की प्राथमिकताएं हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की ‘सिलिकॉन वैली’ के रूप में मशहूर बेंगलुरु ने देश के आईटी निर्यात में बहुत बड़ा योगदान दिया है। यह नवाचार (इनोवेशन) तथा विकास के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि इसलिए, बेंगलुरु की प्रगति और यहां आधुनिक बुनियादी ढांचे का विस्तार केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। आज का दिन बेंगलुरु और कर्नाटक की विकास यात्रा को एक नई गति देगा। उन्होंने इसकी वजह कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी 15,000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत को बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश के विकास में बुनियादी ढांचे की अहम भूमिका होती है, जो रोजगार और आर्थिक अवसर पैदा करता है। जब विकास का लाभ समाज के सबसे निचले स्तर तक पहुंचता है, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई को भी मजबूती मिलती है। हाल के वर्षों में लगभग 50 करोड़ लोग घोर गरीबी से बाहर आए हैं। शुक्रवार को शुरू की गई परियोजनाएं विकास की इस यात्रा को और मजबूत करेंगी। एक ‘विकसित कर्नाटक’ के साथ, हम एक ‘विकसित भारत’ को नई गति देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पहला ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें वे कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव के साथ मंच साझा कर रहे हैं। उन्होंने उनके परिवार के बलिदानों को याद करते हुए बताया कि उनके पति कारगिल युद्ध के दौरान शहीद हो गए थे। उसके बाद भी उन्होंने देश की सेवा जारी रखी। उन्होंने कहा कि संसद में अपने कार्यकाल के दौरान सुधा यादव ने कई मुद्दों पर देश का मार्गदर्शन किया था, और अब वे कर्नाटक की शांति और समृद्धि में योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में शुरू की गई ‘पिंक लाइन’ मेट्रो से आईआईएम-बैंगलोर और अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी, साथ ही यह शहर के महत्वपूर्ण व्यावसायिक और व्यापारिक केंद्रों को भी जोड़ेगी। बेंगलुरु के लाखों निवासियों को इस नई मेट्रो लाइन से फायदा होगा, क्योंकि इससे उनका समय और पैसा दोनों बचेगा।
‘नम्मा मेट्रो’ के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 में बेंगलुरु का मेट्रो नेटवर्क लगभग 17 किलोमीटर का था, जो अब 100 किलोमीटर के आंकड़े को पार कर गया है। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के बाद, बेंगलुरु देश का तीसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है। ‘नम्मा मेट्रो’ परियोजना की सफलता यह दर्शाती है कि सरकार मध्यम वर्ग के लिए जीवन को आसान बनाने और यात्रा को सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts