नई दिल्ली (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ भवन शासकीय कर्मचारी विभागीय समिति, नई दिल्ली द्वारा आज स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष मनीष ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना एवं छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विशेष अतिथि मनीष ठाकुर ने संगठन की मजबूती एवं हितों की रक्षा के लिए एकजुटता को आवश्यक बताते हुए सभी सदस्यों से आपसी समन्वय, सहयोग एवं संगठनात्मक एकता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और सामूहिक प्रयासों में निहित होती है।
कार्यक्रम में समय सिंह, कोषाध्यक्ष तथा ऑल इंडिया गवर्नमेंट ड्राइवर्स कन्फेडरेशन के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा संगठन को मजबूत बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए।
समारोह के दौरान समिति का निर्वाचन भी संपन्न हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पूर्व पदाधिकारियों पर पुनः विश्वास व्यक्त करते हुए कन्हैया कुमार को अध्यक्ष, नंदन सिंह गोसाई को सचिव तथा नंद कुमार गोंड़ को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समिति के उद्देश्यों की पूर्ति, संगठन की एकता तथा कर्मचारी हितों के संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, संगठनात्मक एकता एवं भविष्य में मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।







