रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब इलाके में देर रात हवाई फायरिंग से सनसनी फैल गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर के बाहर हुई इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे दो युवक बंद हो चुके स्पा सेंटर पहुंचे और मसाज सेवा देने की जिद करने लगे। संचालिका द्वारा समय का हवाला देकर मना करने पर दोनों आरोपी विवाद करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी शराब के नशे में थे और उनका व्यवहार आक्रामक हो गया था।
इसी दौरान एक आरोपी ने अपने पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय सूत्रों की मदद से महज दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय (46 वर्ष) निवासी शेखपुर, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) और अंगद सिंह (33 वर्ष) निवासी आदर्श नगर, मोवा, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और एक एयर गन बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार पाण्डेय निजी सुरक्षा अधिकारी के रूप में कार्यरत है, जबकि अंगद सिंह पेशे से ड्राइवर है। मामले में आम्र्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।





