छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में एयरफोर्स के विंग कमांडर ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर (विश्व परिवार)।राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक विश्राम गृह के बंगला नंबर 79 में एयरफोर्स के एक विंग कमांडर द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हरियाणा निवासी विपुल यादव (39 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत छत्तीसगढ़ में पदस्थ थे।
मिली जानकारी के अनुसार विपुल यादव अपने दो बच्चों के साथ रायपुर में रह रहे थे। उनकी पत्नी आईटी सेक्टर में काम करती हैं और फिलहाल बेंगलुरु में नौकरी के सिलसिले में रहती हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही वह दिल्ली गई थीं।
पुलिस के मुताबिक, विंग कमांडर ने अपने बेडरूम में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय उनके दोनों बच्चे घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह घर में काम करने वाली नौकरानी ने कमरे में उनका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि विपुल यादव और उनकी पत्नी ने वर्ष 2014 में लव मैरिज की थी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts