रायपुर (विश्व परिवार)। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत एनटीपीसी नवा रायपुर में 25 सितंबर को हाउसकीपिंग स्टाफ के लिए स्वच्छता जागरूकता सत्र एवं निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। श्री बालाजी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स एंड कॉलेज, रायपुर के सहयोग से आयोजित शिविर में हाउसकीपिंग और कैटरिंग क्षेत्र में कार्यरत 101 सहायक कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर एनटीपीसी नवा रायपुर के जीएम-एचआर प्रवीण गर्ग ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ कार्यस्थल को स्वच्छ रखने की अपील की। पूर्व सीएमओ डॉ. रंजीता साहू ने ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के तहत व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व और इसे बेहतर बनाने के उपायों की जानकारी दी।
श्री बालाजी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स एंड कॉलेज के जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. राम गोपाल घृतलहरे के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान एनटीपीसी नवा रायपुर के आरएमओ डॉ. अजय सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







