छत्तीसगढ़मुंगेली 

यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलटी

मुंगेली (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत केशरूवा डीह गांव के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार बस जब इस मार्ग से गुजर रही थी, तभी सडक़ की जर्जर स्थिति और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बस संतुलन खोकर सडक़ किनारे पलट गई। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ लोगों को गंभीर चोट लगने की सूचना है।
सूचना मिलते ही डायल 112 आपात सेवा की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधा दर्जन घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें से दो यात्रियों की हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सडक़ की हालत लंबे समय से खराब है और कई बार शिकायत करने के बावजूद मरम्मत नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि यह मार्ग अब दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts