छत्तीसगढ़धमतरी

धमतरी में गांजा बेचते दो युवक पकड़े, 488 ग्राम गांजा व 28,900 रुपये का मशरूका जब्त

धमतरी (विश्व परिवार)। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा की अवैध बिक्री करते दो युवकों को पकड़ा है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने उनके पास से 488 ग्राम गांजा और नगदी समेत कुल 28,900 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिमासागर वार्ड नहर पार स्थित मुक्ति धाम के पास दो युवक गांजा बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस को देखते ही वहां गांजा खरीदने आए कुछ लोग मौके से भाग निकले, लेकिन मौके पर मौजूद दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम मुकेश सोनकर (22 वर्ष) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी बताया, जबकि उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी था।
तलाशी के दौरान बालक के पास रखे क्रीम रंग के बैग से पारदर्शी पॉलिथीन में रखा 488 ग्राम गांजा और 20 प्लास्टिक के छोटे रेपर बरामद किए गए। वहीं आरोपी मुकेश सोनकर के पास से गांजा बिक्री की 4,500 रुपये नगद रकम मिली।
जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 24,400 रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 28,900 रुपये का मशरूका पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी मुकेश सोनकर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts