छत्तीसगढ़पेंड्रा-मरवाही

सस्ते सोने का लालच देकर 10 लाख की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (विश्व परिवार)। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में सस्ते दाम पर सोना देने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के निवासी उमेद साहू ने 5 दिसंबर 2025 को गौरेला थाने में चार लोगों के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने उससे संपर्क कर कहा कि कारीआम गांव के पास तालाब की खुदाई के दौरान काफी मात्रा में सोना मिला है और वे उसे कम कीमत में बेचने को तैयार हैं। आरोपियों ने विश्वास दिलाने के लिए नकली सोने को असली बताकर दिखाया और कम दाम में देने का लालच दिया। उनकी बातों में आकर पीडि़त ने 10 लाख रुपये नकद दे दिए और बदले में सोना ले लिया। बाद में जब उसने सोने की जांच कराई तो पता चला कि वह पूरी तरह नकली है। ठगी का पता चलने के बाद पीडि़त ने पुलिस में शिकायत की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने मुंगेली निवासी नरेंद्र साहू, सरोज साहू, निर्मल जायसवाल और मनोज के खिलाफ अपराध दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेंद्र साहू और उसकी पत्नी सरोज साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि फरार आरोपी निर्मल जायसवाल और मनोज की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के संदिग्ध लेन-देन या सौदों से सावधान रहें और किसी भी संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts