छत्तीसगढ़रायपुर

12वीं हिंदी पेपर लीक का मामला विधानसभा में गूंजा, देवेंद्र यादव ने सरकार को घेरा

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक होने का मामला भी गूंजा. कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने सदन में यह मुद्दा उठाते हुए प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में स्कूली शिक्षा की स्थिति पहले से ही चर्चा में है, और अब 12वीं का हिंदी पेपर लीक होने की खबर सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक कर कुछ बच्चों और कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो जानकारी सामने आ रही है, उसमें केवल एक विषय नहीं बल्कि अन्य विषयों के पेपर लीक होने की आशंका भी जताई जा रही है. ऐसे में यह गंभीर जांच का विषय है।
कांग्रेस विधायक ने सरकार और शिक्षा मंत्री से मांग की कि इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और निष्पक्ष जांच कराई जाए. साथ ही जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।
इधर, 12वीं बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक के आरोपों पर छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी 12वीं का पेपर लीक नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि एक छात्र संगठन द्वारा आधी रात को कुछ प्रश्नों को जानबूझकर व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल किया गया है. उसपर भी जांच करने माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने बताया कि मामले की जांच के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देश दिए गए हैं और यदि जांच में पेपर लीक या कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts