रायपुर (विश्व परिवार)। हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर की छात्राओं की टीम ने 13वीं इंटरनेशनल बार एसोसिएशन (आईबीए)–अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) मूट कोर्ट प्रतियोगिता के विश्व दौर के लिए क्वालीफाई कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, दिल्ली द्वारा 13 से 15 मार्च 2026 के बीच आयोजित राष्ट्रीय दौर में देशभर के प्रमुख विधि संस्थानों ने भाग लिया। इस प्रतिस्पर्धा में एचएनएलयू की टीम ने उत्कृष्ट वकालत कौशल, गहन विधिक शोध और प्रभावशाली कोर्टरूम प्रस्तुति का प्रदर्शन करते हुए विश्व स्तर पर अपनी जगह सुनिश्चित की।
टीम में द्वितीय वर्ष की छात्राएं अन्वेषा गुप्ता, रुचिका नागपाल, परी अग्रवाल, डिंपल खत्री और अनुष्का शर्मा शामिल हैं। अब यह टीम जून 2026 में नीदरलैंड्स के हेग में आयोजित होने वाले विश्व दौर में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के शीर्ष प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी।
यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि एचएनएलयू पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के विश्व दौर में पहुंचा है। वर्ष 2026 के मूट समस्या में अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय से जुड़े समकालीन और जटिल विषयों – जैसे मानवीय सहायता प्रदान करने वाले जहाजों पर हमले, वर्तमान राज्य अधिकारियों की प्रतिरक्षा तथा प्रत्यर्पण संबंधी कानूनी प्रश्न पर बहस की गई।
विश्वविद्यालय के कुलपति ने टीम को बधाई देते हुए इसे अनुशासन, बौद्धिक क्षमता और संस्थागत उत्कृष्टता का प्रतीक बताया। मूट कोर्ट समिति ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय की सशक्त मूटिंग परंपरा को रेखांकित किया।
विश्वविद्यालय समुदाय ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए टीम के उज्ज्वल भविष्य और अंतरराष्ट्रीय मंच पर निरंतर सफलता की कामना की है।





