छत्तीसगढ़रायपुर

दिनदहाड़े छात्र पर चाकू से हमला, 2 हजार न देने पर वारदात

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक स्कूली छात्र पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि गोलचौक के पास कुछ युवकों ने छात्र से नशे के लिए 2,000 रुपये की मांग की।
पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने पहले पत्थर से हमला किया, फिर कमर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल छात्र की पहचान भविष्य सोनी के रूप में हुई है।
दोस्त से मिलने गया था, बदमाशों ने घेर लिया
पीड़ित भविष्य सोनी ने बताया कि वह अपने दोस्त शिवम शुक्ला उर्फ डोरेमोन से मिलने गोल चौक मैदान के पास गया था। वहां पहले से ही शिवम के साथ हर्ष बजरी, गौरव रात्रे, जतिन पटेल, करण पांडे और उदय साहू मौजूद थे। जैसे ही वह वहां पहुंचा, करण पांडे और उदय साहू ने उसे घेर लिया।
पत्थर से वार, फिर चाकू से हमला
भविष्य के अनुसार, पैसे नहीं होने की बात कहने पर करण पांडे ने उसे थप्पड़ मारा। इसके बाद पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह चकरा गया। जान बचाने के लिए वह भागने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पीछे से कमर पर चाकू से कई वार कर दिए।
घायल हालत में थाने पहुंचा छात्र
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल छात्र किसी तरह थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामूली धाराओं में एफआईआर दर्ज की।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में
घटना का वीडियो सामने आने और मामला तूल पकड़ने के बाद डीडी नगर पुलिस ने छात्र को साथ लेकर घटनास्थल का मुआयना किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts