- उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महिला समूहों को 11.43 करोड़ रुपए की राशि की अंतरित
कवर्धा (विश्व परिवार)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत सरदार पटेल मैदान कवर्धा में आयोजित चार दिवसीय संभागीय सरस मेला का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला समूहों को विभिन्न योजनाओं के तहत 11.43 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए, जो महिला समूहों के आजीविका संवर्धन में सहायक सिद्ध होंगे।
इस दौरान पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी स्टालों का निरीक्षण कर महिला समूहों के सदस्यों से उनके व्यवसाय की जानकारी ली। उन्होंने कच्चे माल, उत्पादन और विक्रय से संबंधित पहलुओं पर चर्चा की। लखपति दीदियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं परिवार का मजबूत आधार बन रही हैं और अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस सरस मेले से दुर्ग संभाग के सातों जिलों की महिला स्व सहायता समूहों को लाभ मिल रहा है। समूहों द्वारा तैयार दैनिक उपयोग की सामग्री, जैविक खाद्य पदार्थ और अन्य उत्पादों को बेहतर बाजार मिल रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर “वोकल फॉर लोकल” को बढ़ावा मिल रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2.69 लाख से अधिक महिला स्व सहायता समूह संचालित हैं, जिनसे लगभग 30 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। समूहों से जुड़ने के बाद महिलाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि “दीदी के गोठ” कार्यक्रम के माध्यम से महिलाएं अपने अनुभव साझा कर रही हैं, जो हिंदी के साथ गोंडी और हल्बी भाषाओं में भी संचालित हो रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि महिलाओं के उत्पादों के विपणन के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म एप तैयार किया जा रहा है, जिससे आम नागरिक सीधे महिला समूहों के उत्पाद खरीद सकेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्यों में भी महिला समूह सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सरस मेले में बैंक लिंकेज के तहत 10 करोड़ रुपये का अंतरण किया जाएगा। 271 महिला समूहों को 40.65 लाख रुपये की चक्रीय निधि और 172 समूहों को 1.03 करोड़ रुपये की सामुदायिक निवेश निधि प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि मेला 23 से 26 मार्च तक आयोजित होगा, जिसमें मिलेट उत्पाद, पापड़, अचार, अगरबत्ती, हैंडलूम बैग सहित कई स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं।
उल्लेखनीय है कि इस मेले में कबीरधाम सहित दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों के महिला स्व सहायता समूहों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है, जिससे उन्हें बाजार और आय के नए अवसर मिल रहे हैं।






