छत्तीसगढ़

पुलिस पर गंभीर आरोप: सफाई कर्मचारी से मारपीट, क्षेत्र में आक्रोश

अभनपुर (विश्व परिवार)। गोबरा नवापारा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी के साथ थाने में मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका के सफाई कर्मचारी जुगे माचखंड के साथ गोबरा नवापारा थाने में पदस्थ आरक्षक हुलास साहू ने मारपीट की है, जिससे पीड़ित का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेसियों ने थाने में प्रदर्शन किया और दोषी आरक्षक पर कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह आरक्षक हुलास साहू पीड़ित को नाली सफाई के बहाने थाने लेकर आया था। इसी दौरान चोरी की एक घटना के संबंध में पूछताछ करते हुए उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के नाम पर बेरहमी से उसकी पिटाई की गई, जिससे जुगे माचखंड गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के परिजन, मोहल्ले के लोग एवं नगर पालिका के अन्य सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में पीड़ित के साथ गोबरा नवापारा थाने पहुंचे और दोषी आरक्षक पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
दोषी पुलिसकर्मी पर तत्काल कार्रवाई की मांग
इस मामले में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के अध्यक्ष राम यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने थाने पहुंचकर आरोपी आरक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम जनता और कर्मचारियों के साथ इस तरह की मारपीट बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पुलिसकर्मी पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक आरोपी आरक्षक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग तेज होती जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts