रायपुर (विश्व परिवार)। महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज, रायपुर में ’“वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं रोवर-रेंजर सम्मान समारोह”’ का भव्य आयोजन महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में 11.04.2026 को उत्साह एवं गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर के पुलिस आयुक्त ’’ संजीव शुक्ला’’ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ’“वंदे मातरम”’ से हुई, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति का भाव व्याप्त हो गया। तत्पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या ’’डॉ. जैस्मिन जोशी’’ द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं कॉलेज के ट्रस्टिगण का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया एवं विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के चेयरमेन रमेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमेन राजेश अग्रवाल, सेक्रेटरी श्रीमती सरिता अग्रवाल, कॉलेज के ट्रस्टिगण, प्राचार्य डॉ. जैस्मिन जोशी तथा उप-प्राचार्य डॉ. श्वेता तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व-चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने रोवर-रेंजर टीम के लिए अत्यंत प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने कहा कि जीवन में कभी हार नहीं मानना चाहिए, क्योंकि या तो आप जीतेंगे या सीखेंगे। इसमें सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डाला गया एवं अपने संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के चेयरमैन रमेश अग्रवाल ने रोवर-रेंजर टीम को शुभकामनाएं देते हुए सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व के मूल्यों को रेखांकित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को सतत उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने हेतु प्रेरित किया और कहा कि असफलता एक चुनौती है, इसे स्वीकार करो, क्या कमी रह गई, देखो और सुधार करो।
मुख्य अतिथि ’’ संजीव शुक्ला’’ ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि निरंतर प्रयास एवं कठिन परिश्रम ही व्यक्ति को सफल बनाता है। जीवन में समय का सदुपयोग करना ही तय करता है कि आपका भविष्य कैसा होगा। दूसरों की नकल करने के बजाय अपनी रुचियों, प्रतिभा और व्यक्तित्व के अनुसार राह चुनें। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं महाविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र सेवा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही रोवर-रेंजर इकाई के विद्यार्थियों को उनकी सेवा एवं समर्पण के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। ’’मैक म्यूजिक टीम’’ द्वारा एक अत्यंत मधुर एवं भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य ने सभी का मन मोह लिया, जिसमें थल, जल एवं वायु सेना की झलकियां अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत की गईं और देशप्रेम की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग की विभागाध्यक्ष ’’ वर्तिका श्रीवास्तव’’ द्वारा आभार प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ’“जन गण मन”’ के साथ हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





