कोरियाछत्तीसगढ़

कोरिया में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, धारदार हथियारों से हमला-5 घायल, 2 की हालत गंभीर

कोरिया (विश्व परिवार)। जिले के चरचा थाना क्षेत्र में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब बाजार पारा इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर हिंसा भड़क उठी। रात करीब 10 बजे हुई इस घटना में धारदार हथियारों और ईंट-पत्थर से हमला किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, चरचा कॉलरी के बाजार पारा में हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रीजनल अस्पताल चरचा और जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते अचानक स्थिति बेकाबू हो गई और देखते ही देखते कई लोग हमले की चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग सहमे हुए हैं।
इस मामले में चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी ने बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी हुई है। दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
सूचना मिलते ही चरचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमलावरों की तलाश जारी है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts