छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में नहीं है ईंधन की कमी: OMCs ने बनाए रखी LPG और पेट्रोल-डीजल की निर्बाध सप्लाई

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में जारी वैश्विक परिस्थितियों के बीच भी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (IOCL, BPCL और HPCL) ने एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को पूरी तरह सुचारु और पर्याप्त बनाए रखा है।
कंपनियों ने घरेलू एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता देते हुए राज्य में प्रतिदिन लगभग 72 हजार सिलेंडरों की डिलीवरी सुनिश्चित की है, जो सामान्य स्तर के अनुरूप है। राज्य में मौजूद 5 बॉटलिंग प्लांट और 539 वितरकों के नेटवर्क के माध्यम से उपभोक्ताओं की मांग पूरी की जा रही है। वहीं, व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत जारी है।
कम खपत वाले उपभोक्ताओं, छात्रों और प्रवासी श्रमिकों के लिए 5 किलो वाले सिलेंडर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित कर लोगों को सुविधा दी जा रही है। एलपीजी बुकिंग के लिए डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा मिला है और वर्तमान में करीब 98% बुकिंग ऑनलाइन हो रही है।
कंपनियां कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती बरतते हुए लगातार छापेमारी कर रही हैं। छत्तीसगढ़ में अब तक 419 छापे, 105 एफआईआर और 3946 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि राज्य में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराकर अतिरिक्त बुकिंग या स्टॉक करने की जरूरत नहीं है।
वहीं पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी पूरी तरह सामान्य है। राज्य में 2587 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। वर्तमान में रोजाना करीब 5600 किलोलीटर पेट्रोल और 9800 किलोलीटर डीजल की आपूर्ति की जा रही है, जो पहले के मुकाबले अधिक है।
कंपनियों ने भरोसा दिलाया है कि मजबूत भंडारण व्यवस्था और आपूर्ति तंत्र के चलते राज्य में ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह सुरक्षित है। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और घबराकर खरीदारी से बचें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts