रायपुर (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अपने विस्तार कार्यक्रम के अंतर्गत देवकर में दुर्ग क्षेत्र की 57वीं शाखा देवकर शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नवीन शाखा का उद्घाटन दिवाकर प्रसाद सिंह, महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, रायपुर अंचल के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, नगर पंचायत देवकर, क्षेत्रीय प्रमुख दुर्ग क्षेत्र, अनंत माधव, उप क्षेत्रीय प्रमुख जय प्रकाश नारायण, बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं ग्राहकगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख दिवाकर प्रसाद सिंह ने बैंक द्वारा प्रदान की जा रही उन्नत एवं प्रौद्योगिकी आधारित बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं, युवा वर्ग, कृषकों एवं लघु उद्यमियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उत्पादों का उल्लेख करते हुए बैंक की जन-केंद्रित कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला।
माननीय अध्यक्ष, नगर पंचायत देवकर ने इस शुभ अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा देवकर क्षेत्र में प्रथम राष्ट्रीयकृत बैंक शाखा की स्थापना एवं उद्घाटन पर हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल एक नई शाखा का उद्घाटन मात्र नहीं है, बल्कि देवकर क्षेत्र के आर्थिक सशक्तिकरण, व्यापारिक उन्नति, रोजगार संवर्धन तथा समग्र विकास की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैंक ऑफ बड़ौदा की यह शाखा क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, व्यापारियों, युवाओं एवं महिलाओं को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं से जोड़ते हुए समृद्धि के नए द्वार खोलेगी।




