दुर्ग

कमिश्नर ने खुद किया स्व-गणना, नागरिकों को दिया डिजिटल भागीदारी का संदेश

  • मोबाइल से भरा गणना पत्रक, जनगणना 2027 को गति देने की पहल
  • 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना, 1 मई से होगा घर-घर सत्यापन

दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम।भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम दुर्ग के कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने आज अपने चेंबर में मोबाइल के माध्यम से अपने परिवार की स्व-गणना कर नागरिकों को इस अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कमिश्नर ने बताया कि स्व-गणना की यह डिजिटल व्यवस्था नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से नागरिक 16 से 30 अप्रैल तक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया सरल, तेज और पारदर्शी बनती है।
उन्होंने जानकारी दी कि पोर्टल पर पूछे गए सभी प्रश्न सरल और सहज भाषा में हैं, जिन्हें मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप के जरिए आसानी से भरा जा सकता है।

प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नागरिकों को स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जो आगे के सत्यापन में सहायक होगी।
कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने बताया कि स्व-गणना चरण पूर्ण होने के बाद 1 मई से 31 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे और जनगणना कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा।

नगर निगम दुर्ग द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं और स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts