छत्तीसगढ़दुर्गबालोद

दुर्ग-बालोद में रफ्तार का कहर: दो सड़क हादसों में 3 लोगों की मौत, दो युवक पेड़ से टकराए

दुर्ग/बालोद (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बालोद जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां दो अलग-अलग हादसों मे तीन लोगों की मौत हो गई है। दुर्ग में कार सवार दो युवक जहां पेड़ से जा टकराए, तो वही बालोद में बाइक सवार राज मिस्त्री की स्कार्पियो की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरु कर दी है।
पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार
भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने बताया कि सुपेला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर कोसानाला के पास रविवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और मुख्य मार्ग से सर्विस लेन पार करते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में प्रतीक ठाकुर (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भास्कर कुमार निषाद (23 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
सीएसपी निशांत पाठक ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। एक झटके में दो युवकों की मौत से परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को सामने ला दिया है।
स्कार्पियो की ठोकर से राज मिस्त्री की मौत
बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के मड़ियाकट्टा गांव में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में राज मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे मिस्त्री की बाइक को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक परस राम पिस्दा (42 वर्ष), निवासी ग्राम कोटागांव अपने घर से परसोदा गांव में मिस्त्री का काम करने गया हुआ था। देर रात काम खत्म करने के बाद वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मड़ियाकट्टा गांव के पास स्कार्पियो वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हादसे में परस राम पिस्दा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कार्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार स्कार्पियो चालक की तलाश की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts