जबलपुर 

सफेद परिधान में शांति और सद्भावना के दूत बने 400 से अधिक रोटरी सदस्य, पोलियो मुक्त विश्व का दिया संदेश

  • विश्व पोलियो दिवस पर जबलपुर में निकली जागरूकता रैली, 12 रोटरी क्लबों के साथ 150 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड ने लिया भाग

जबलपुर (विश्व परिवार)। पोलियो मुक्त विश्व और बच्चों के सुरक्षित भविष्य का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार, 24 अक्टूबर को रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के तत्वावधान में जबलपुर में विशाल पोलियो जागरूकता रैली आयोजित की गई। राइट टाउन स्टेडियम के सामने से प्रारंभ होकर मालवीय चौक पर संपन्न हुई इस रैली में **400 से अधिक रोटरी सदस्य सफेद परिधान में शामिल हुए और शांति एवं सद्भावना के दूत बनकर सेवा, एकता तथा स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।

अभियान का उद्देश्य पोलियो उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, नियमित टीकाकरण के महत्व को रेखांकित करना और बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।

अभियान के डिस्ट्रिक्ट पोलियो चेयरमैन रोटे भरत डागा के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी, मध्य प्रदेश रोटे नितिन जैन ने पोलियो उन्मूलन के लिए निरंतर जन-जागरूकता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अभियान के विशेष सहयोगी पूर्व प्रांतपाल रोटे विवेक तन्खा, सांसद (राज्यसभा) रहे। कार्यक्रम के इवेंट चेयरमैन पूर्व प्रांतपाल रोटे सुनील फाटक, इवेंट को-चेयर रोटे एन.के. श्रीवास्तव तथा इवेंट कोऑर्डिनेटर रोटे अंकुर माहेश्वरी हैं।

रैली में असिस्टेंट गवर्नर रोटे रवि वैश्य, राकेश नेमा, डॉ. शोभित वर्मा, अनिल दुबे एवं शिखा पौराणिक सहित जबलपुर के सभी 12 रोटरी क्लबों के सदस्यों ने सहभागिता की। इसके साथ ही सक्षम महाकौशल प्रांत, विशुद्ध हेल्थकेयर फाउंडेशन तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रतिनिधि भी अभियान का हिस्सा बने। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के निदेशक विजय तिवारी के नेतृत्व में स्काउट-गाइड के बच्चों ने रैली में भाग लिया। विभिन्न विद्यालयों के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता ने अभियान को व्यापक जनसमर्थन प्रदान किया।

रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पोलियो मुक्त विश्व का लक्ष्य हासिल करने के लिए नियमित टीकाकरण, निरंतर जागरूकता और समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। आयोजकों ने सभी सहभागी संस्थाओं, रोटरी सदस्यों, विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts