- जेल तिराहा से मिनी माता चौक तक अवैध कब्जों पर चलेगा बुलडोजर
- 112 से अधिक अतिक्रमणकारियों को थमाए गए नोटिस, टीम गठित कर कार्रवाई तेज
- सड़क और ड्रेनेज निर्माण के लिए बाधाएं हटाने निगम का सख्त रुख
दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम दुर्ग।शहर के यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जेल तिराहा से पुलगांव रोड होते हुए मिनी माता चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को गति देने के लिए अतिक्रमण हटाने की मुहिम प्रारंभ कर दी गई है।
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत न केवल चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाना है, बल्कि सड़क के दोनों ओर सुदृढ़ ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जाएगा। करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना के लिए मार्ग में आने वाले सभी अवैध अतिक्रमणों को हटाया जाना आवश्यक है।
निगम द्वारा पूर्व में सर्वे कर चिन्हांकन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई थी, जिसके आधार पर अब अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अब तक 112 से अधिक अतिक्रमणकारियों को नोटिस थमाया जा चुका है, जिसमें उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को निगम के अतिक्रमण दस्ता द्वारा पुलगांव चौक के आसपास कार्रवाई करते हुए नालियों पर किए गए पक्के निर्माण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे और कार्यवाही को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
आयुक्त सुमित अग्रवाल द्वारा अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए निगम द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया है।
सहायक अभियंता गिरीश दीवान को टीम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में उप अभियंता सिद्धार्थ साहू, उपअभियन्ता विनोद मांझी, तोड़ूदस्ता प्रभारी ईश्वर वर्मा एवं परमेश्वर कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर निगम के कार्य में सहयोग करें,अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





