दुर्ग

अवैध कब्जे पर सख्त रुख, शीतला तालाब में अतिक्रमण त्वरित कार्रवाई के निर्देश

  • महापौर का वार्ड 40 का निरीक्षण, नागरिकों की समस्याएं सुनीं,
  • वृंदावन कॉलोनी में पाइपलाइन विस्तार और नाली निर्माण जल्द,
  • विकास कार्यों में तेजी लाने निगम प्रतिबद्ध,

दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत आज महापौर अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर, पार्षद सरिता विनोद चन्द्राकर,पार्षद गुलाब वर्मा भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता सहित निगम टीम के साथ सिविल लाइन स्थित शीतला तालाब एवं वृंदावन कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 40 का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शीतला तालाब को भूस्वामी द्वारा अवैध रूप से पाटे जाने की गंभीर शिकायत प्राप्त होने पर महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का जायजा लिया।

उन्होंने मौके से ही जिला कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर प्रकरण में शीघ्र एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। महापौर ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों एवं जल स्रोतों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान का भरोसा

महापौर अलका बाघमार ने निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 40 के नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

वृंदावन कॉलोनी के रहवासियों द्वारा पेयजल पाइपलाइन विस्तार एवं नाली निर्माण की प्रमुख मांग रखी गई। इस पर महापौर ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी तीन से चार माह के भीतर पाइपलाइन विस्तार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा तथा नाली निर्माण के लिए भी आवश्यक कार्यवाही शीघ्र शुरू की जाएगी।

शीतला तालाब प्रकरण में सख्त निर्देश

महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीतला तालाब को पाटने के प्रयास में संलिप्त भूस्वामी के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए और तालाब के मूल स्वरूप को संरक्षित रखने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण नगर की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
विकास एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर निगम गंभीर

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि नगर के समग्र विकास एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम प्रशासन सतत प्रयासरत है। जल, स्वच्छता, सड़क एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को मजबूत करने हेतु योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि शहरवासियों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।

इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 40 के नागरिकगण, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts