कांकेर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नौकरी का झांसा देकर 35 युवतियों को झारखंड ले जाकर बंधक बनाए जाने की शिकायत मिली है। एक युवती द्वारा मोबाइल से भेजे गए मदद के संदेश के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ है। परिजन बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवतियों को नौकरी दिलाने का लालच देकर झारखंड के गढ़वा जिले ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उन्हें बंधक बनाकर जबरन काम कराया जा रहा है। इनमें से 15 युवतियां कांकेर जिले की हैं, जबकि अन्य छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों की बताई जा रही हैं।
दुर्गुकोंदल क्षेत्र के खुटगांव की एक युवती ने अपने परिचित को मोबाइल पर संदेश भेजकर अपनी आपबीती बताई। इसके बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। जिला प्रशासन ने झारखंड के गढ़वा जिला प्रशासन से संपर्क कर युवतियों की तलाश और सुरक्षित वापसी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने बताया कि शिकायत मिली है कि कुछ युवतियों को बंधक बनाया गया है। उन्हें सकुशल वापस लाने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम सक्रिय है। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मामले में प्रशासन लगातार संपर्क में है और जल्द ही सभी युवतियों को वापस लाने की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और युवतियों की सुरक्षित वापसी को प्राथमिकता दी जा रही है।







