छत्तीसगढ़रायपुर

उद्योग मंत्री गोयल ने किया भारतीय व्यापार महोत्सव का लॉन्च – भारत उपभोक्ता के साथ विनिर्माण का भी बने बड़ा हब – कैट

रायपुर (विश्व परिवार)। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, महामंत्री अवनीत सिंह, कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को भारत मंडपम, प्रगति मैदान में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) की आधिकारिक वेबसाइट का लॉन्च किया।
भारतीय व्यापार महोत्सव का संयुक्त आयोजन आईटीपीओ एवं कैट द्वारा आगामी 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में किया जाएगा।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि आज भारत वैश्विक बाजार में एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और देश का व्यापार तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी, उद्योग जगत, एमएसएमई, स्टार्टअप्स एवं उद्यमी मिलकर कार्य करें तो भारत 1 ट्रिलियन डॉलर निर्यात के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत कौशल, ज्ञान और प्रतिभा से परिपूर्ण देश है। यदि हम अपने उत्पादों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएं तो दुनिया भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देगी तथा विदेशी बाजारों पर निर्भरता स्वतः कम हो जाएगी। उन्होंने भारतीय व्यापार महोत्सव को भारतीय व्यापार समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यह मंच भारत को वैश्विक बाजार में सम्मानजनक एवं सशक्त पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अमर पारवानी ने बताया कि इस अवसर पर कैट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता एवं वैश्विक आर्थिक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव को देश की वैश्विक छवि निर्माण के एक बड़े अवसर के रूप में लिया जाना चाहिए, जिससे भारत की पहचान केवल उपभोक्ता बाजार के रूप में नहीं, बल्कि विनिर्माण एवं निर्यात आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो सके।
श्री पारवानी ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव केवल एक एक्सपो नहीं, बल्कि देश के व्यापारियों, एमएसएमई, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, कारीगरों एवं निर्माताओं को सशक्त बनाने का राष्ट्रीय मिशन है। यह पहल “वोकल फॉर लोकल” एवं “लोकल टू ग्लोबल” के विजन को गति प्रदान करेगी तथा भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। यह देश में अब तक का भारतीय उत्पादों एवं सेवाओं का सबसे बड़ा मल्टीसेक्टर बिजनेस एक्सपो होगा।
श्री पारवानी ने बताया कि वैश्विक चुनौतियों एवं पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सुझाए गए सात रणनीतिक कदमों पर कैट द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के प्रथम दिवस विस्तृत चर्चा की गई। व्यापार एवं उद्योग जगत के माध्यम से इन रणनीतिक उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक व्यापक रोडमैप तैयार किया गया।
सम्मेलन में देशभर के 27 राज्यों के लगभग 150 प्रमुख व्यापारिक नेता, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योगपति, उद्यमी, निर्यातक, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमी एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।
श्री पारवानी ने आगे बताया कि आईटीपीओ के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव देश में रिटेल व्यापार की छवि को बदलने वाला एक ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होगा। उन्होंने व्यापारियों को ऐसा व्यापक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए कैट के प्रयासों की सराहना की।
वहीं आईटीपीओ के प्रबंध निदेशक (MD) नीरज खरवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव भारत की उत्पादन क्षमता, पारंपरिक उत्पादों, नवाचार एवं उद्यमशीलता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल एमएसएमई, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमियों एवं कारीगरों के लिए नए व्यापारिक अवसरों के द्वार खोलेगी तथा उन्हें घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सम्मेलन में भारत को वैश्विक सप्लाई चेन एवं सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की रणनीतियों पर भी विचार किया गया। व्यापारिक नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक आत्मनिर्भरता, मजबूत घरेलू व्यापार एवं सशक्त भारतीय अर्थव्यवस्था के विजन के समर्थन में एक संयुक्त प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts