देशहैदराबाद

बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं में व्यापक ऐतिहासिक परिवर्तन-एनएमडीसी द्वारा ₹25 करोड़ के वित्तीय सहयोग से बस्तर में अत्याधुनिक ‘सुपर स्पेशलिटी अस्पताल’ की स्थापना

हैदराबाद (विश्व परिवार)। पूरे बस्तर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुगम और बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में जगदलपुर में अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।
छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास तथा लोगों के सामाजिक उत्थान और जीवन स्तर में सुधार को गति प्रदान करने का एक प्रमुख केंद्र है। एनएमडीसी अस्पताल को चालू करने में एक सक्षम शक्ति के रूप में उभरा है। कंपनी ने इस क्षेत्र में ₹25 करोड़ का निवेश किया है तथा अगले पांच वर्षों तक निरंतर वित्तीय सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी जताई है। इससे संस्थान को आत्मनिर्भर स्वास्थ्य देखभाल और चिकित्सा तंत्र विकसित करने में सहायता मिलेगी।
प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विकसित यह अस्पताल बस्तर के आदिवासी समुदायों की लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करेगा। अब तक विशेष उपचार के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
क्षेत्र में उच्चस्तरीय और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की तत्काल आवश्यकता को देखते हुए एनएमडीसी ने प्रतिष्ठित निजी स्वास्थ्य सेवा भागीदार को शामिल कर वित्तीय सहायता प्रदान की, ताकि स्वास्थ्य सुविधाएं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जा सकें। छत्तीसगढ़ सरकार ने निजी कॉर्पोरेट अस्पताल को प्रचालन प्रबंधन का दायित्व सौंपा है, जबकि एनएमडीसी को प्रारंभिक प्रचालन व्यय की फंडिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
जगदलपुर के डिमरापाल स्थित यह अस्पताल दक्षिण छत्तीसगढ़ के हजारों परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपचार और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करेगा। साथ ही गंभीर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महानगरीय शहरों पर निर्भरता भी कम होने की उम्मीद है।
एनएमडीसी ने पिछले कई दशकों से बस्तर में सामाजिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण, विशेषकर स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार निवेश किया है। स्थानीय आदिवासी समुदायों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए एनएमडीसी द्वारा समर्थित यह अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
यह अस्पताल वंचित समुदायों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराएगा और बस्तर के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में बड़ी प्रगति मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts