देशनई दिल्ली

‘वीर सावरकर को सर्टिफिकेट देने वाली सोनिया गांधी कौन?’ किताब को लेकर महाराष्ट्र में सियासी घमासान

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर महाराष्ट्र में सियासी विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने इस किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है। विरोध जताते हुए शिवसेना नेताओं ने किताब के पन्ने भी फाड़े और विवादित अंशों को हटाने की मांग की।
किताब के पेज 201 और 447 हटाने की मांग
शिवसेना (शिंदे गुट) ने सोनिया गांधी की किताब के पेज नंबर 201 और 447 पर आपत्ति जताई है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि इन पन्नों में वीर सावरकर के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं, जिससे उनकी छवि और मराठी भावनाओं को ठेस पहुंची है।
शिवसेना ने सवाल उठाया, ‘वीर सावरकर को सर्टिफिकेट देने वाली सोनिया गांधी कौन होती हैं?’ पार्टी ने आरोप लगाया कि किताब के जरिए इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश की गई है।
शाइना एनसी बोलीं- इतिहास बदलने नहीं देंगे
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इतिहास को बदलने या छिपाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘अगर आप इतिहास को बदलने या उसे छिपाने की कोशिश करेंगी, तो हम ऐसा नहीं होने देंगे।’
संजय निरुपम ने उद्धव ठाकरे को घेरा
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने इस विवाद को लेकर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का कथित अपमान हुआ है, तब उद्धव ठाकरे ने इसका विरोध करने के बजाय किताब को स्वीकार करना क्यों चुना?
निरुपम ने मणिशंकर अय्यर के सावरकर पर दिए गए विवादित बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि उस समय बालासाहेब ठाकरे ने अय्यर के खिलाफ प्रदर्शन किया था। निरुपम ने सवाल किया कि क्या उद्धव ठाकरे अब सोनिया गांधी की किताब के खिलाफ भी कोई विरोध प्रदर्शन करेंगे? इस विवाद के बाद सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging’ को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts