देशनई दिल्ली

भारत को मिला पहला LED डोम तारामंडल, पीएम मोदी ने मैसूरु में ‘कॉसमॉस’ का किया उद्घाटन; 4.2 करोड़ LED से दिखेगा ब्रह्मांड का अद्भुत नजारा

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मैसूरु में ‘कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल’ का उद्घाटन किया। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स (IIA) द्वारा निर्मित, ‘कॉसमॉस-मैसूरु’ भारत का पहला LED डोम तारामंडल है। खगोल विज्ञान शिक्षा और प्रशिक्षण केंद्र के रूप में परिकल्पित यह तारामंडल, चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में मैसूरु विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित है।

इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा, “आज हम कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल भारत को समर्पित करने के लिए इकट्ठा हुए हैं। कॉसमॉस में आकर हमारी नजरे आकाश की ओर उठती हैं। हम एक विशाल ब्रह्मांड को जानने के लिए प्रेरित होते हैं। यह इस बात का उदाहरण है कि भारत में आध्यात्म और विज्ञान की परंपराएं साथ-साथ आगे बढ़ी हैं। हमारे पूर्वजों ने आकाश का बहुत बारीकी से अध्ययन किया है। उन्होंने सूर्य और चंद्र ग्रहण की गणना भी की थी… आज जब भारत विज्ञान के क्षेत्र में एक के बाद एक नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है तब इस अत्याधुनिक कॉसमॉस तारामंडल के रूप में मैसूरु भी भारत की विज्ञान की यात्रा में एक नया चैप्टर जोड़ रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह भारत का पहला LED डोम तारामंडल है। मुझे यहां एक शो देखने का अवसर मिला और यह अपने आप में एक अद्भुत अनुभव रहा है। हमारे देश में लंबे समय से एक आह्वान चला आ रहा था ‘जय जवान, जय किसान’, अटल जी ने इसमें जय विज्ञान जोड़ा था और मैंने इसमें जय अनुसंधान जोड़ा था। 21वीं सदी का भारत इसी वजन को लेकर आगे बढ़ रहा है। इसमें देश के युवा बहुत बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इस साल अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपियाड में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है, यह भारत के लिए एक रिकॉर्ड उपलब्धि रही है।
पीएम मोदी ने कहा, “बीते 1 दशक में भारत ने एस्ट्रोनॉमी, खगोलभौतिकी और स्पेस सेक्टर में अभूतपूर्व गति से काम किया है। हमने देश में नए टेलीस्कोप लगाए हैं… चंद्रयान 3 के माध्यम से ISRO ने भारत को चंद्रमा के साउथ पोल के पास उतरने वाला पहला देश बनाया है, आज हमारे युवा रॉकेट लॉन्च कर रहे हैं और सैटेलाइट को स्पेस में पहुंचा रहे हैं। वे स्पेस सेक्टर में ऐसे अनेक काम कर रहे हैं जो भारत में आज से पहले कभी नहीं हुए हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रिसर्च को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है कि हमारे विद्यार्थी और रिसचर्स को दुनिया की बेहतरीन रिसर्च तक पहुंच मिले। हमने इसी उद्देश्य से वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि हमने अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन की स्थापना की है। हम इसके जरिए ज्यादा से ज्यादा यूनिवर्सिटी को रिसर्च करने में मदद दे रहे हैं।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स (IIA) द्वारा निर्मित, ‘कॉसमॉस-मैसूरु’ भारत का पहला LED डोम तारामंडल है। कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल देश में तारामंडल प्रौद्योगिकी और खगोल विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इसे खगोल विज्ञान शिक्षा एवं प्रशिक्षण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है। यह तारामंडल मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित है।
इस अत्याधुनिक केंद्र में 15 मीटर का झुका हुआ गुंबद (टिल्टेड डोम) है जिसमें 4.2 करोड़ स्वयं के एलईडी के साथ लगभग 6,150 पैनल शामिल हैं। पारंपरिक तारामंडल निष्क्रिय गुंबद पर चित्र प्रदर्शित करने के लिए प्रोजेक्टर का उपयोग करते हैं, वहीं इसके एलईडी पैनलों को तुरंत नियंत्रित किया जा सकता है जो गहन दृश्य अनुभव प्रदान करता है और खगोल विज्ञान शिक्षा में नई संभावनाएं जगाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts