नई दिल्ली (विश्व परिवार)। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान कुलगाम में सुरक्षा बलों द्वारा आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जताई है। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा बलों की तारीफ की है।
अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, “जम्मू-कश्मीर पुलिस (जेकेपी), भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए एक ऑपरेशन में आज तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया। एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके एक साथी आतंकवादी, उमर निसार को भी मार गिराया गया था। इस पूरे ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।”
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि संयुक्त अभियान के दौरान मारे गए इस आतंकवादी की पहचान कुलगाम के खेरवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है। मारा गया लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर बताया जा रहा है। भट 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित था।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद में शरण ले रखी थी और उसने सेना एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार की गई अपील के बावजूद आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘भट मारा गया है और मुठभेड़ स्थल से उसका शव तथा एक हथियार बरामद किया गया है।’’







