रायपुर (विश्व परिवार)। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप द्वारा आयोजित भव्य “भजन जैमिंग” कार्यक्रम का सफल आयोजन विमतारा हाल रायपुर में किया गया, जिसमें 250 से अधिक लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई एवं पूरे कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। दिगंबर जैन समाज के विभिन्न मंदिरों के अध्यक्षगण एवं समाजसेवियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। उपस्थित वरिष्ठजनों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए समाज को एकजुट रखने एवं युवाओं को जोड़ने की दिशा में ऐसे आयोजनों को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि सभी परिवारों का पारंपरिक टीका एवं स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया। स्वागत उपरांत सभी के लिए जैन पद्धति अनुसार भोजन की विशेष व्यवस्था रखी गई।
इसके पश्चात 7 बजे से 8 बजे तक मनोरंजक गेम्स, क्वेश्चन-आंसर एवं हास्य गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों से लेकर युवाओं एवं वरिष्ठजनों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन रोमिल जैन एवं हीना जैन द्वारा किया गया, जिन्होंने शानदार एंकरिंग के माध्यम से पूरे माहौल को जीवंत बनाए रखा।
इसके बाद कार्यक्रम का सबसे प्रतीक्षित भाग “भजन जैमिंग” प्रारंभ हुआ, जिसमें प्रसिद्ध गायक राहुल झावक जी ने अपनी प्रस्तुति दी। राहुल झावक जी द्वारा पहली बार “भजन जैमिंग” की अनूठी प्रस्तुति दी गई, जिसमें भक्ति के साथ पुराने एवं लोकप्रिय फिल्मी गीतों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं परिवारों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से जोड़ना था, जिसमें आयोजन पूर्णतः सफल रहा।
उपस्थित सभी लोगों ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के पारिवारिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित होते रहने चाहिए।
इसी अवसर पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया जिसमें अध्यक्ष – अजय एवं ममता जैन, सचिव राजीव एवं चांदनी जैन
उपाध्यक्ष आशीष एवं सपना जैन, उपाध्यक्ष राजीव ऋतु जैन, कोषाध्यक्ष नरेंद्र-रश्मि जैन, सह सचिव रोमिल -हीना जैन, छत्तीसगढ़ राज्य अध्यक्ष अतुल- मीता जैन, छत्तीसगढ़ राज्य सचिव यशवंत एवं जया जैन को मनोनीत किया गया।








